महिला एवं बाल कल्याण की दिशा में अहम कदम: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पेश किया विभाग का दो वर्षीय रिपोर्ट कार्ड

रायपुर | महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने राजधानी रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में विभाग के पिछले दो वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान लागू की गई योजनाओं ने महिलाओं और बच्चों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाया है और इसका असर गांव-गांव तक नजर आ रहा है।

महतारी वंदन योजना बनी महिलाओं की ताकत
मंत्री राजवाड़े ने महतारी वंदन योजना को राज्य की महिलाओं के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने जानकारी दी कि योजना के तहत अब तक 69 लाख से ज्यादा महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिल चुका है। यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रही, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सशक्त भूमिका में आगे लाने का जरिया बनी है।

आत्मविश्वास बढ़ा, सामाजिक पहचान मजबूत
उन्होंने कहा कि नियमित सहायता मिलने से महिलाओं का आत्मबल बढ़ा है। परिवार और समाज में उनकी भागीदारी और निर्णय लेने की क्षमता में भी स्पष्ट सुधार देखने को मिल रहा है, जिससे सामाजिक ढांचे में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

ई-केवाईसी के बाद सभी पात्र महिलाओं को जोड़ा जाएगा
मंत्री ने स्पष्ट किया कि जो महिलाएं तकनीकी कारणों से योजना से वंचित रह गई हैं, उन्हें ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होते ही लाभ दिया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र महिला योजना से बाहर न रहे।

दूरस्थ अंचलों तक पहुंची सहायता
उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में भी योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है। नियद नेल्लानार जैसे इलाकों में 7 हजार से अधिक महिलाओं को सीधे सहायता मिली है, जो योजना की व्यापक पहुंच और प्रभावशीलता को दर्शाता है।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को और मजबूत कर राज्य की महिलाओं और बच्चों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *