रायपुर में तेज रफ्तार का कहर: ब्रिज से नीचे गिरा ट्रक, कार को मारी टक्कर, मचा हड़कंप

रायपुर, 17 जुलाई राजधानी रायपुर के संतोषी नगर ब्रिज के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलीबांधा से आमानाका की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रक ने एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजस्थान नंबर (RJ 31 GB 3122) का ट्रक काफी तेज रफ्तार से जा रहा था। संतोषी नगर ब्रिज के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में कार (CG 04 MA 3271) भी ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक और हेल्पर को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायल चालक और हेल्पर को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने का कार्य शुरू किया गया।

इस हादसे के कारण संतोषी नगर ब्रिज और आसपास के मार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की और बाद में स्थिति सामान्य हुई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *