अहमदाबाद। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 7 विकेट से जीत दर्ज कर 2-0 से सीरीज क्लीन स्वीप कर ली। टीम इंडिया की इस जीत में शतकवीर यशस्वी जायसवाल, कप्तान शुभमन गिल और स्पिनर कुलदीप यादव का निर्णायक योगदान रहा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 518/5 पर घोषित की। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शानदार 175 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 129 रन की पारी खेली। वेस्टइंडीज की ओर से जोमेल वारिकन ने 3 विकेट लिए।
पहली पारी में वेस्टइंडीज सिर्फ 248 रन ही जोड़ सकी। इस दौरान एलिक एथनाज 41 और शाई होप 36 रन बनाकर सबसे ज्यादा योगदान देने में सफल रहे। भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने 5 विकेट और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट चटकाए। भारत ने पहली पारी में 270 रन की विशाल बढ़त हासिल कर मेहमान टीम को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया।
दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने खराब शुरुआत के बावजूद जॉन कैंपबेल (115) और शाई होप (103) के शतक से पारी को संभाला। इसके अलावा जस्टिन इमलाच ने नाबाद 50 रन जोड़कर टीम का स्कोर 390 तक पहुँचाया। भारत की तरफ से कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट चटकाए।
भारत को जीत के लिए 121 रन का आसान लक्ष्य मिला। टीम इंडिया ने शुरुआत में यशस्वी जायसवाल (8) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़ते हुए टीम को जीत के करीब ला दिया। साई सुदर्शन (39) के आउट होने के बाद शुभमन गिल (13) भी जल्दी आउट हुए, लेकिन केएल राहुल ने नाबाद 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुँचाया।
वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान रोस्टन चेज ने 2 और जोमेल वारिकन ने 1 विकेट लिया। भारत ने इससे पहले सीरीज का पहला मैच अहमदाबाद में पारी और 140 रन से जीतकर अपने हाथों में रखा था।