नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने सोमवार को आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 26 मई से होगी।
सभी मुकाबले पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला मैच 26 मई, दूसरा 27 मई, तीसरा 29 मई और चौथा व अंतिम मुकाबला 30 मई को खेला जाएगा। यह सीरीज एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025–26 की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, जो 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में आयोजित होगा।
सलीमा टेटे करेंगी टीम की अगुवाई
टीम की कमान 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाली खिलाड़ी Salima Tete को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में टीम मजबूत संतुलन के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी।
अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण
टीम में सविता, सुशीला चानू पुखरामबम, लालरेमसियामी और नवनीत कौर जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ कई युवा प्रतिभाओं को भी शामिल किया गया है। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सविता और बीचू देवी खारीबाम के पास होगी।
डिफेंस में निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू, लालथंतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास को जगह मिली है। वहीं मिडफील्ड में सलीमा टेटे के साथ लालरेमसियामी, नेहा, साक्षी राणा, सुनीता टोप्पो, दीपिका सोरेंग और सोनम जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
फॉरवर्ड लाइन में नवनीत कौर, बलजीत कौर, दीपिका, अन्नू, हिना बानो और रुतुजा दादासो पिसल से टीम को गोल करने की जिम्मेदारी होगी।
कोच का बयान
मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा कि टीम में अनुभव और युवा जोश का अच्छा संतुलन है और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का पूरा मौका मिलेगा।
अहम तैयारी दौरा
यह दौरा भारतीय टीम के लिए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जहां टीम अपने प्रदर्शन को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।