आइची। एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को भारतीय वुशू खिलाड़ियों आर्यन और रोशिबिना देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। दोनों खिलाड़ियों ने जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
आइची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में पुरुषों के 56 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल में आर्यन ने अफगानिस्तान के साफी शहजादा को 2-0 से हराया। वहीं, दो बार की एशियन गेम्स पदक विजेता रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा 1/8 फाइनल में बांग्लादेश की शिका खातून को अंकों के अंतर से मात देकर अंतिम-8 में प्रवेश किया।
अब दोनों भारतीय खिलाड़ी पदक से एक जीत दूर हैं। आर्यन और रोशिबिना मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में उतरेंगे, जहां जीत उन्हें सेमीफाइनल और पदक के करीब पहुंचाएगी।
रोशिबिना इससे पहले 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में रजत और 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने 2019 काठमांडू-पोखरा साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
इससे पहले भारतीय खिलाड़ी न्येमन वांगसु महिलाओं के चांगक्वान फाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। वहीं, रविवार को सूरज सिंह मयांगलामबम पुरुषों के चांगक्वान फाइनल में 11वें स्थान पर रहे। सूरज ने 9.683 अंक हासिल किए और कांस्य पदक के स्कोर से महज 0.040 अंक पीछे रहे।
मकाऊ के कुओंग ची हिन ने 9.723 अंक के साथ स्वर्ण और उनके ही देश के ची कुआन सोंग ने 9.720 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया। भारतीय वुशू खिलाड़ियों के प्रदर्शन से प्रतियोगिता में भारत की पदक उम्मीदें बनी हुई हैं।