नई दिल्ली। राजधानी के भारत मंडपम में 11 और 12 सितंबर 2026 को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के तहत ‘ब्रिक्स भारत इनोवेट्स एक्सपोज़िशन’ का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के संयुक्त आयोजन में भारत के 37 डीप-टेक स्टार्टअप और वेंचर अपने अत्याधुनिक नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
37 डीप-टेक स्टार्टअप होंगे शामिल
प्रदर्शनी में शामिल स्टार्टअप भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम ‘मजबूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण’ के तहत अपने उत्पाद और तकनीकी समाधान पेश करेंगे। ये स्टार्टअप उन 120 स्टार्टअप और वेंचर के समूह का हिस्सा हैं, जिन्होंने जून 2026 में फ्रांस के नीस में आयोजित पहले ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में भाग लिया था।
निवेशकों और उद्योग जगत से मिलेगा संपर्क
11 सितंबर को प्रदर्शनी का आयोजन ब्रिक्स बिजनेस फोरम के साथ किया जाएगा। इससे भारतीय स्टार्टअप्स को ब्रिक्स देशों के सीईओ, निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और बिजनेस लीडर्स के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। प्रदर्शनी में बी2बी बैठक, तकनीकी साझेदारी, निवेश और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
वैश्विक मंच पर दिखेगा भारतीय नवाचार
‘भारत इनोवेट्स’ केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य भारतीय उच्च शिक्षा संस्थानों, स्टार्टअप्स, प्रयोगशालाओं और रिसर्च पार्कों को वैश्विक निवेशकों, कंपनियों, इनक्यूबेटर्स और शोध संस्थानों से जोड़ना है। ब्रिक्स एक्सपोज़िशन इसी पहल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का मंच बनेगा।
पीएम मोदी समेत कई प्रमुख हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा ब्रिक्स बैठकों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, सीईओ, निवेशक और कारोबारी नेता भी प्रदर्शनी का दौरा कर सकते हैं।
नीस में हुआ था पहला ‘भारत इनोवेट्स’
‘भारत इनोवेट्स 2026’ का पहला संस्करण 14 से 16 जून को फ्रांस के नीस में आयोजित किया गया था। इसमें भारत के 120 डीप-टेक स्टार्टअप और 15 संस्थानों ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम में 29 देशों के 2,000 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए थे। इस दौरान कई सहयोग समझौते और बी2बी बैठकें हुईं, जिनके बाद भारतीय स्टार्टअप्स को 254.5 मिलियन डॉलर की फंडिंग प्रतिबद्धताएं मिलने की जानकारी दी गई थी।
ब्रिक्स शिक्षा एजेंडे को भी मिलेगा बढ़ावा
‘ब्रिक्स भारत इनोवेट्स एक्सपोज़िशन’ भारत की 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत शिक्षा और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों का हिस्सा है। इसमें शोध, नवाचार और स्टार्टअप व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। ब्रिक्स शिक्षा एजेंडे में कौशल विकास, बुनियादी शिक्षा, शोध-नवाचार, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों के विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।