रायपुर। हॉकी विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय हॉकी टीम की शानदार 5-3 से जीत पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भारतीय खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, “मैदान कोई भी हो, जीत भारत की ही होती है।” उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर जिस जोश, समर्पण और शानदार रणनीति के साथ खेल का प्रदर्शन किया, उससे हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।
उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय हॉकी टीम ने अपने शानदार खेल से देशवासियों में उत्साह और गौरव की भावना पैदा की है। खिलाड़ियों की मेहनत, आत्मविश्वास और टीम भावना ने इस मुकाबले में भारत को शानदार जीत दिलाई।
वित्त मंत्री ने भारतीय हॉकी टीम को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों में इसी तरह दृढ़ता, आत्मविश्वास और जीत की ललक बनी रहे। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आने वाले मैचों में भी शानदार प्रदर्शन और सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।