टोरंटो : कनाडा में रह रही भारतीय महिलाओं की सुरक्षा और सहायता को लेकर भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल अब जमीन पर असर दिखाने लगी है। टोरंटो स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास में स्थापित ‘वन स्टॉप सेंटर फॉर विमेन’ (OSCW) अब पूरी तरह से कार्यरत हो चुका है, जहां संकट में फंसी भारतीय मूल की महिलाओं को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
इस केंद्र का उद्देश्य कनाडा में रह रही भारतीय महिलाओं, छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी—चाहे वह घरेलू हिंसा हो, आर्थिक संकट, उत्पीड़न या कानूनी विवाद—में एक ही स्थान पर मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराना है।
महावाणिज्य दूतावास की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह सेंटर न केवल महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है, बल्कि उन्हें जरूरी संसाधनों और सेवाओं से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
कनाडाई मीडिया संस्था रेडियो कनाडा इंटरनेशनल से बातचीत में टोरंटो में भारत के कार्यवाहक महावाणिज्य दूत कपिध्वज प्रताप सिंह ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारतीय और कनाडाई संस्थाओं के बीच एक मजबूत संपर्क स्थापित करना है, ताकि पीड़ित महिलाओं को कानूनी, वित्तीय और मानसिक सहयोग मिल सके।
उन्होंने कहा कि कई बार सांस्कृतिक और सामाजिक कारणों से महिलाएं अपनी समस्याएं खुलकर साझा नहीं कर पातीं, जबकि कनाडा में अनेक संगठन सहायता के लिए मौजूद हैं। यह सेंटर ऐसी महिलाओं के लिए भरोसेमंद माध्यम बनेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस सुविधा का लाभ स्थायी निवासी महिलाओं के साथ-साथ स्टूडेंट, वर्क परमिट या विजिटर वीजा पर आई महिलाएं भी उठा सकती हैं।
महावाणिज्य दूत के अनुसार, सेंटर को शुरुआत से ही सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। लॉन्च के कुछ ही दिनों में दर्जनभर से अधिक महिलाओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर यहां संपर्क किया है। जरूरतमंद मामलों में आर्थिक सहायता की व्यवस्था भी की जा रही है।
गौरतलब है कि 26 दिसंबर 2025 को स्थापित इस ‘वन स्टॉप सेंटर फॉर विमेन’ के माध्यम से घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, शोषण, परित्याग और कानूनी चुनौतियों से जूझ रही महिलाओं को तुरंत काउंसलिंग, मनो-सामाजिक सहयोग और कानूनी सलाह उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, महिलाओं को कनाडा में मौजूद सामुदायिक और सामाजिक सेवा नेटवर्क से जोड़ने में भी मदद की जा रही है।
महावाणिज्य दूतावास ने स्पष्ट किया है कि इस सेंटर की सभी गतिविधियां कनाडा के स्थानीय कानूनों और नियमों के तहत संचालित की जा रही हैं।