दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिगों को वाहन देने वाले पालकों पर कसा शिकंजा, बुलेट का साइलेंसर मॉडिफाई कराने पर 6000 का जुर्माना

दुर्ग | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘सड़क सुरक्षा माह’ (1 जनवरी से 31 जनवरी) के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने स्कूलों में दबिश देकर बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले नाबालिग छात्र-छात्राओं को पकड़ा और उनके परिजनों को तलब कर सख्त हिदायत दी।

स्कूली वाहनों पर बड़ी कार्रवाई

मंगलवार, 6 जनवरी को यातायात विभाग की टीम ने KPS स्कूल (नेहरू नगर) और JRD स्कूल (दुर्ग) में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले नाबालिग छात्रों के वाहनों को जब्त कर नेहरू नगर स्थित यातायात कार्यालय लाया गया। पुलिस ने बच्चों के माता-पिता को कार्यालय बुलाकर समझाइश दी कि नाबालिगों को वाहन सौंपना उनके जीवन के लिए खतरा पैदा कर सकता है।

बुलेट राजा पर भारी पड़ा शौक

कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग छात्र को मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट चलाते हुए पकड़ा गया। मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने तत्काल 6000 रुपये का चालान काटा और मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर को जब्त कर लिया। इसके अलावा, बिना हेलमेट पाए गए 25 स्कूली छात्र-छात्राओं के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई।

प्रशासन की अपील और सख्त निर्देश

  • यातायात पुलिस ने स्कूल प्रबंधनों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि:
  • बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट वाले छात्रों को स्कूल परिसर में प्रवेश न दिया जाए।
  • ऐसे छात्रों की सूची तैयार कर उनके परिजनों को सूचित किया जाए।

16 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का लाइसेंस बनवाकर ही उन्हें बिना गियर वाले वाहन चलाने की अनुमति दी जाए।

“परिजनों से अपील है कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन न दें। यह अभियान जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों में निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *