13 से 18 साल के यूजर्स के अकाउंट पर इंस्टाग्राम ने लागू की नई पीजी-13 गाइडलाइन

Online Safety : आज के डिजिटल युग में इंटरनेट और स्मार्टफोन ने सोशल मीडिया तक पहुंच हर किसी के लिए आसान कर दी है। ऐसे में, ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर प्रतिबंध लगने से कुछ ही महीने पहले, इंस्टाग्राम ने किशोरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़े बदलाव की घोषणा की है।

इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा ने कहा कि अब 13 से 18 साल के यूजर्स को दिखने वाली सामग्री अमेरिकी पीजी-13 (Parental Guidance) रेटिंग के अनुसार सीमित होगी। इसका मतलब है कि किशोरों को हिंसक, वयस्क या अनुचित कंटेंट तक सीमित पहुंच होगी। इसके अलावा, मेटा का एआई चैटबॉट भी किशोरों के साथ बातचीत में रोमांटिक या अश्लील विषयों से बचते हुए पीजी-13 अनुभव देगा।

किशोर अब ऐसे अकाउंट्स को फॉलो नहीं कर पाएंगे जो उनकी उम्र के अनुसार अस्वीकार्य सामग्री साझा करते हैं। यदि कोई किशोर पहले से ऐसे अकाउंट्स को फॉलो कर रहा है, तो वह उनके पोस्ट, डीएम या टिप्पणियों के साथ इंटरैक्ट नहीं कर पाएगा। इसके अलावा, शराब, हिंसा और खून-खराबे जैसे संवेदनशील विषयों से जुड़े सर्च टर्म्स भी ब्लॉक कर दिए जाएंगे। हालांकि, एलजीबीटीक्यू जैसे विषयों को ब्लॉक नहीं किया जाएगा।

माता-पिता अब विशेष सेटिंग के जरिए अपने बच्चों की टिप्पणियों को नियंत्रित कर सकते हैं और एआई चैटबॉट्स के साथ उनकी बातचीत पर भी नियंत्रण रख सकते हैं। ये नई नीतियाँ अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में धीरे-धीरे लागू होंगी और साल के अंत तक पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *