भारत-थाईलैंड के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मैत्री’ शुरू, 31 अगस्त तक चलेगा

नई दिल्ली। भारत और थाईलैंड के बीच द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘मैत्री’ का 15वां संस्करण 18 अगस्त से 31 अगस्त तक थाईलैंड में आयोजित किया जा रहा है। इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत जंगल और अर्ध-शहरी इलाकों में उग्रवाद और आतंकवाद रोधी अभियानों के लिए दोनों देशों की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करना है।

सूरत थानी में होगा सैन्य अभ्यास

‘मैत्री’ अभ्यास का आयोजन थाईलैंड के सूरत थानी प्रांत स्थित विभावदि रंगसित शिविर में किया जा रहा है। भारतीय सेना की टुकड़ी अभ्यास में शामिल होने के लिए थाईलैंड रवाना हो चुकी है।

दोनों देशों के 85-85 जवान लेंगे हिस्सा

इस सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना और रॉयल थाई सेना की 85-85 जवानों की टुकड़ियां हिस्सा ले रही हैं। भारतीय दल में मुख्य रूप से 9 गोरखा राइफल्स के जवान शामिल हैं। वहीं, थाई सेना की टुकड़ी में 5वीं डिवीजन की 25वीं इन्फैंट्री ब्रिगेड की तीसरी बटालियन के जवान हिस्सा ले रहे हैं।

कंपनी स्तर पर होगा संयुक्त प्रशिक्षण

अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैनिकों को कंपनी स्तर पर संयुक्त प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका मुख्य फोकस जंगल और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में संयुक्त अभियानों पर रहेगा।

इस दौरान दोनों सेनाएं संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय-7 के तहत उग्रवाद और आतंकवाद रोधी अभियानों से जुड़ी रणनीति, संचालन क्षमता और आपसी समन्वय को बेहतर बनाने पर काम करेंगी।

2006 में शुरू हुआ था ‘मैत्री’ अभ्यास

भारत और थाईलैंड के बीच ‘मैत्री’ सैन्य अभ्यास की शुरुआत वर्ष 2006 में हुई थी। यह अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने और एक-दूसरे के बेहतर तौर-तरीकों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।

इस अभ्यास का पिछला संस्करण सितंबर 2025 में मेघालय के उमरोई स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में आयोजित किया गया था। मौजूदा अभ्यास के जरिए दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल और संयुक्त अभियान क्षमता को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *