रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। समुद्र में नहाने के दौरान 8 छात्रों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार, पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स अकादमी के 11वीं और 12वीं कक्षा के करीब 30 से 40 छात्र शैक्षणिक भ्रमण के लिए दिवेआगर पहुंचे थे। समुद्र तट पर घूमने और मनोरंजन के दौरान कुछ छात्र पानी में उतर गए। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से कई छात्र डूबने लगे।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद समुद्र में तलाशी अभियान चलाया गया। शुरुआती कार्रवाई में सात छात्रों के शव बरामद हुए, जबकि एक छात्र की तलाश जारी थी। बाद में टीम ने आठवें छात्र का शव भी खोज निकाला।
मृत छात्रों की पहचान यश किरण वानखेडे, सोहम तुकाराम भांडवलकर, तन्मय दत्तात्रय वाहिले, कौस्तुभ संदीप दौंड, कैवल्य वासनकर, राजवीर वहिले, प्रणव बनसोडे और सुमित अहिरे के रूप में हुई है।
हादसे के बाद दिवेआगर बीच पर पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात हैं। प्रशासन द्वारा घटना से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एक साथ आठ छात्रों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है, वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में भी मातम पसरा हुआ है।