मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक से मिले जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह, स्वास्थ्य का लिया जायजा

नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार देर रात गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। दोनों नेताओं ने वांगचुक के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके उपचार की स्थिति का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार, सोनम वांगचुक को मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। उन्हें अस्पताल की आईसीयू-8 में भर्ती किया गया है, जहां वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुशीला कटारिया की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

दरअसल, दिल्ली हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को देखते हुए सोनम वांगचुक को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे। अदालत के आदेश के बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए गुरुग्राम लाया गया।

सोनम वांगचुक के अस्पताल पहुंचने के बाद मेदांता अस्पताल और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। अस्पताल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रवेश द्वार पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है और बिना पहचान पत्र व सुरक्षा जांच के किसी को भी अस्पताल में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए परिसर में वज्र वाहन भी तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते चिकित्सकीय निगरानी में हैं और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *