न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र बने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस, राज्यपाल डेका ने दिलाई शपथ

रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने आज लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में न्यायाधिपति कृष्ण राम महापात्र को उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, न्यायाधीश और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण से पहले न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र उड़ीसा हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। शपथ लेने के बाद राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्य न्यायाधीश महापात्र को राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी। राज्यपाल ने उन्हें पदभार संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी और अनुज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र की धर्मपत्नी अनिता महापात्र भी समारोह में मौजूद रहीं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशगण ने भी शपथ ग्रहण समारोह में सहभागिता की।

शपथ ग्रहण समारोह का संचालन प्रदेश के मुख्य सचिव विकास शील ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया। इस दौरान अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह विभाग निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक शर्मा और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी और हाईकोर्ट के अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेने के साथ ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायिक नेतृत्व में नया अध्याय शुरू हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *