न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी ने किया दुर्ग जिला न्यायालय का निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

दुर्ग। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति एवं जिला न्यायालय दुर्ग के पोर्टफोलियो जज न्यायमूर्ति श्री नरेश कुमार चंद्रवंशी ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, दुर्ग का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान रजिस्ट्रार विजिलेंस श्री अब्दुल जाहिद कुरैशी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य न्यायालयीन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के साथ न्यायिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाना रहा।

दुर्ग जिला न्यायालय पहुंचने पर न्यायमूर्ति श्री चंद्रवंशी का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री के. विनोद कुजूर, कुटुंब न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश श्रीमती सुमन एक्का, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने जिला न्यायालय के विभिन्न न्यायालयों, रिकॉर्ड रूम, प्रतिलिपि शाखा, स्थापना कार्यालय, नजारत सहित महत्वपूर्ण प्रशासनिक शाखाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के संधारण, शाखाओं की कार्यप्रणाली और न्यायालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

डिजिटल न्यायिक सुविधाओं की प्रगति से कराया अवगत

निरीक्षण के दौरान न्यायाधीशों के साथ आयोजित बैठक में न्यायिक कार्यशैली, विधिक विषयों और न्यायिक प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला न्यायालय में डिजिटल न्यायिक पहलों के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। न्यायाधीशों ने न्यायश्रुति के माध्यम से ई-साक्ष्य, सीआईएस के जरिए ई-समंस तथा ई-टिकिट से संबंधित कार्यों की प्रगति से न्यायमूर्ति को अवगत कराया।

इसके अलावा न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले नागरिकों की सुविधा और प्रवेश व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए विकसित डिजिटल गेट पास सॉफ्टवेयर का वीडियो प्रदर्शन भी किया गया। इसके माध्यम से न्यायालय परिसर में नागरिकों की आवाजाही के बेहतर प्रबंधन के लिए किए जा रहे तकनीकी प्रयासों की जानकारी दी गई।

न्यायाधीशों को दिया मार्गदर्शन

न्यायमूर्ति श्री चंद्रवंशी ने अपने न्यायिक अनुभव के आधार पर न्यायाधीशों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने न्यायिक कार्यों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन तथा आधुनिक तकनीकी साधनों के उपयोग से न्याय व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग के कार्यकारिणी सदस्यों सहित तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने भी न्यायमूर्ति से सौजन्य भेंट की।

निरीक्षण के समापन पर न्यायमूर्ति ने जिला न्यायालय दुर्ग की व्यवस्थाओं, स्वच्छता और न्यायिक कामकाज की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया। उनका यह वार्षिक निरीक्षण न्यायालयीन व्यवस्था की गुणवत्ता बढ़ाने, प्रशासनिक कार्यों को बेहतर बनाने और डिजिटल न्यायिक सुविधाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *