कुम्हारी/दुर्ग। दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित कृष्णा हॉस्पिटल ने एक बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर चिकित्सा क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता पात्रे ने रायपुर जिले के कोटा निवासी 48 वर्षीय जननी तांडी के पेट से करीब 10 किलो वजनी विशाल ट्यूमर (ओवेरियन मास) का सफल ऑपरेशन किया है। इस कामयाब सर्जरी से मरीज को वर्षों से झेल रही असहनीय दर्द और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से हमेशा के लिए राहत मिल गई है।
कई अस्पतालों ने खड़े कर दिए थे हाथ
पारिजनों ने बताया कि,ट्यूमर का आकार अत्यंत बड़ा और स्थिति गंभीर होने के कारण मरीज व उसके परिजन पिछले कई महीनों से अलग-अलग अस्पतालों के चक्कर लगा रहे थे। ऑपरेशन की अत्यधिक जटिलता और जोखिम को देखते हुए कई बड़े अस्पतालों ने भी सर्जरी करने से असमर्थता जता दी थी, जिससे परिवार पूरी तरह हताश हो चुका था। ऐसे कठिन समय में कृष्णा हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. दिनेश छत्री के मार्गदर्शन में डॉ. संगीता पात्रे ने मरीज का केस हाथ में लिया और अपनी कुशल टीम के साथ इस नामुमकिन से दिखने वाले ऑपरेशन को मुमकिन कर दिखाया।
इस कुशल मेडिकल टीम ने दिया योगदान
इस बेहद संवेदनशील और जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने में अस्पताल के अनुभवी डॉक्टरों और तकनीशियनों की टीम का विशेष योगदान रहा:
- मुख्य सर्जन: डॉ. संगीता पात्रे (वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ)
- एनेस्थीसिया विशेषज्ञ (निश्चेतक): डॉ. पी. वर्मा [MBBS, DA (Anesthesia)]
- ओटी तकनीशियन (OT Technicians) शिवा सोनी, डी.के. कुमार, गीता कुमारी और ज्योति यादव।
- पूरी टीम के आपसी तालमेल और बेहतरीन चिकित्सा कौशल के चलते ही इस विशालकाय ट्यूमर को बिना किसी बड़ी रुकावट के सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
परिजनों ने जताया आभार, अस्पताल प्रबंधन ने थपथपाई पीठ
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक बनी हुई है। सफल सर्जरी के बाद जननी तांडी और उनके परिजनों ने कृष्णा हॉस्पिटल की पूरी टीम तथा विशेष रूप से डॉ. संगीता पात्रे के प्रति नम आंखों से आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा, “जब हर जगह से हमारी उम्मीदें टूट चुकी थीं, तब कृष्णा हॉस्पिटल के डॉक्टर हमारे लिए देवदूत बनकर आए।”
हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. दिनेश छत्री ने इस ऐतिहासिक सफलता पर डॉ. संगीता पात्रे, एनेस्थेटिस्ट डॉ. पी. वर्मा और पूरी ओटी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कृष्णा हॉस्पिटल हमेशा से ही क्षेत्र के मरीजों को कम खर्च में उच्च स्तरीय और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह सफलता हमारी इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इस बड़ी उपलब्धि के बाद कुम्हारी का कृष्णा हॉस्पिटल पूरे दुर्ग-रायपुर क्षेत्र में एक बार फिर बेहतर और विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चर्चा का केंद्र बन गया है।