भिलाई। भिलाई के जामुल क्षेत्र स्थित ACC सीमेंट फैक्ट्री की साइडिंग पर शनिवार सुबह एक मालगाड़ी डिरेल हो गई। हादसे में मालगाड़ी का इंजन और एक वैगन पटरी से उतर गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। साथ ही मुख्य रेलवे ट्रैक सुरक्षित रहने से रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 9 बजे ACC सीमेंट फैक्ट्री से सीमेंट लोड कर एक मालगाड़ी भिलाई की ओर रवाना हो रही थी। इसी दौरान शंटिंग प्रक्रिया के समय अचानक इंजन और उसके पीछे लगा एक वैगन पटरी से उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पटरी से उतरने के बाद इंजन कुछ दूरी तक जमीन पर घिसटता हुआ आगे बढ़ा, जिससे आसपास के रेलवे ढांचे को भी नुकसान पहुंचा।
हादसे के चलते रेलवे ट्रैक के किनारे लगे कई बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। खंभों के टूटने से रेलवे की ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) लाइन भी प्रभावित हुई और केबल टूट गई। इससे साइडिंग क्षेत्र में तकनीकी बाधा उत्पन्न हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने रेलवे अधिकारियों और फैक्ट्री प्रबंधन को सूचित किया। इसके बाद रेलवे और कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद डिरेल हुए इंजन और वैगन को दोबारा पटरी पर चढ़ाकर हटाया गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक और बिजली व्यवस्था की जांच शुरू की गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार हादसा फैक्ट्री की निजी साइडिंग लाइन पर हुआ, जो मुख्य रेलवे ट्रैक से अलग है। इसी वजह से यात्री ट्रेनों और नियमित मालगाड़ियों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
फिलहाल रेलवे अधिकारी हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी, ट्रैक की स्थिति और शंटिंग प्रक्रिया के दौरान किसी चूक की संभावना को भी ध्यान में रखा गया है।