समुद्र में बड़ा हादसा: नाव में लगी भीषण आग, 5 की मौत और 87 लोग लापता

मनीला। फिलीपींस में समुद्र के बीच एक यात्री फेरी में अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक कम से कम 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 42 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, करीब 87 लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए फिलीपींस कोस्ट गार्ड की ओर से बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

फेरी में सवार थे 134 लोग

फिलीपींस कोस्ट गार्ड की प्रवक्ता कमोडोर नोएमी कायाबायब के मुताबिक, हादसे के समय फेरी पर कुल 134 लोग सवार थे। इनमें 117 यात्री और 17 चालक दल के सदस्य शामिल थे। आग लगने के बाद बड़ी संख्या में लोगों का पता नहीं चल सका।

अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल 87 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, समुद्र में तलाश अभियान जारी है और रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ने के साथ यह आंकड़ा बदल सकता है।

मनीला से रवाना हुई थी फेरी

जानकारी के मुताबिक एमवी जून एस्टर मनीला से रवाना हुई थी। जब फेरी फिलीपींस के पश्चिमी हिस्से में स्थित पलावान प्रांत के कोरोन के पास समुद्र में पहुंची, तभी उसमें अचानक आग लग गई।

आग तेजी से फैलने के बाद फेरी में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे की सूचना मिलते ही कोस्ट गार्ड और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और समुद्र में लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी।

आग लगने की वजह का पता नहीं चला

फेरी में आग किस कारण लगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। संबंधित अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल प्राथमिकता समुद्र में लापता लोगों को सुरक्षित तलाशना और प्रभावित यात्रियों को मदद पहुंचाना है।

अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान अभी जारी है, इसलिए मृतकों और लापता लोगों की संख्या में आगे बदलाव हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *