रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होने वाली भर्तियों के नियमों में बड़ा संशोधन किया है। इसके तहत विभिन्न विभागों के 100 से अधिक नए पदों को भर्ती नियमों में शामिल किया गया है। इन पदों के लिए पहली बार न्यूनतम शैक्षणिक और तकनीकी योग्यताएं भी निर्धारित की गई हैं।
नए नियम लागू होने के बाद कर्मचारी चयन मंडल संबंधित विभागों से प्राप्त पदों पर निर्धारित योग्यता के आधार पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित करेगा। कुछ पदों के लिए कॉमन परीक्षा अनिवार्य होगी, जबकि तकनीकी और विशेषज्ञ पदों पर डिग्री, डिप्लोमा, कंप्यूटर दक्षता, संबंधित परिषद में पंजीयन, खेल योग्यता और विषय विशेष की शैक्षणिक योग्यता जैसी शर्तें लागू होंगी।
भर्ती प्रक्रिया में आएगी स्पष्टता
राज्य सरकार के अनुसार, संशोधित भर्ती नियमों का उद्देश्य विभागों की जरूरत के मुताबिक योग्य उम्मीदवारों का चयन करना है। पदों के लिए शैक्षणिक और तकनीकी अर्हता पहले से निर्धारित होने से भर्ती प्रक्रिया में स्पष्टता आने की उम्मीद है।
कई पदों के लिए कॉमन परीक्षा जरूरी
संशोधित नियमों के तहत कुछ पदों के लिए सामान्य यानी कॉमन परीक्षा अनिवार्य की गई है। तकनीकी पदों के लिए संबंधित ट्रेड या विषय में डिग्री अथवा डिप्लोमा जरूरी होगा। वहीं कुछ पदों पर कंप्यूटर डिप्लोमा और हिंदी या अंग्रेजी टाइपिंग की निर्धारित गति भी अनिवार्य होगी।
प्रमुख पदों के लिए निर्धारित योग्यता
खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड निरीक्षक के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक और कॉमन परीक्षा की शर्त रखी गई है। राजस्व निरीक्षक के लिए स्नातक अथवा 10+2 के साथ सिविल इंजीनियरिंग (सर्वे) में डिप्लोमा जरूरी होगा। कनिष्ठ रोजगार अधिकारी के लिए स्नातक होना अनिवार्य किया गया है।
संस्कृति विभाग के अनुदेशक पद के लिए स्नातक अथवा 10+2 के साथ मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट (MOM) डिप्लोमा, हिंदी या अंग्रेजी आशुलिपि में 100 शब्द प्रति मिनट की गति, एक वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमा और प्रति घंटे 10 हजार की-डिप्रेशन की टाइपिंग दक्षता निर्धारित की गई है।
सांख्यिकी लिपिक के लिए सांख्यिकी, गणित, अर्थशास्त्र या वाणिज्य में स्नातक के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा और हिंदी या अंग्रेजी में प्रति घंटे 5 हजार की-डिप्रेशन की टाइपिंग गति जरूरी होगी।
संग्रहालय और संस्कृति विभाग में विशेषज्ञ योग्यता
असिस्टेंट क्यूरेटर के लिए प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व अथवा संग्रहालय विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री निर्धारित की गई है। संग्रहालय सहायक के लिए स्नातक के साथ संग्रहालय विज्ञान में डिग्री या डिप्लोमा जरूरी होगा।
इसके अलावा रसायनज्ञ, सहायक रसायनज्ञ, मार्गदर्शक, उत्खनन सहायक, स्वागतकर्ता और तकनीकी सहायक जैसे पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री की शर्त रखी गई है।
जनसंपर्क और आदिम जाति विभाग में भी नई अर्हताएं
जनसंपर्क विभाग के अभिलेख सहायक पद के लिए गणित, भौतिकी या रसायन विज्ञान में बीएससी अथवा समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। वाटर फिल्टर ऑपरेटर के लिए 10+2 के साथ विभागीय नियमों में निर्धारित अन्य योग्यताएं जरूरी होंगी।
आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग में मनोवैज्ञानिक पद के लिए मनोविज्ञान या समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर योग्यता, जबकि विधि सहायक के लिए एलएलबी के साथ तीन वर्ष का न्यायालयीन अनुभव जरूरी होगा। क्रीड़ा प्रशिक्षक के लिए बीपीएड/बीपीई के साथ भारतीय खेल प्राधिकरण का डिप्लोमा निर्धारित किया गया है।
समाज कल्याण विभाग में पंजीयन जरूरी
समाज कल्याण विभाग के तकनीकी पदों पर संबंधित परिषद में पंजीयन को भी जरूरी किया गया है। फिजियोथेरेपिस्ट के लिए फिजियोथेरेपी में स्नातक और संबंधित परिषद में पंजीयन, जबकि ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट के लिए ऑक्यूपेशनल थेरेपी में स्नातक के साथ पंजीयन अनिवार्य होगा।
ऑर्थोटिस्ट/प्रोस्थेटिस्ट के लिए बीपीओ डिग्री और आरसीआई पंजीयन तथा विशेष शिक्षक पद के लिए बीएड (स्पेशल एजुकेशन) के साथ आरसीआई पंजीयन जरूरी होगा।
वन और खेल विभाग के पदों में भी बदलाव
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में रक्षक पद के लिए 10+2, निर्धारित शारीरिक योग्यता और कॉमन परीक्षा की शर्त रखी गई है। तकनीकी सहायक पद के लिए विज्ञान, वनस्पति विज्ञान या पर्यावरण विज्ञान में स्नातक के साथ निर्धारित तकनीकी योग्यता जरूरी होगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक पद के लिए राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला से डिप्लोमा या मान्यता प्राप्त संस्थान से समकक्ष डिप्लोमा के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी की शर्त रखी गई है।
सहकारिता और उद्योग विभाग में डिग्री-कंप्यूटर योग्यता
सहकारिता विभाग के सहायक लेखाधिकारी पद के लिए कॉमर्स में स्नातकोत्तर डिग्री और कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी होगा। सहायक प्रबंधक और प्रक्षेत्र सहायक के लिए स्नातक के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा की योग्यता रखी गई है।
उद्योग विभाग में प्रबंधक पद के लिए इंजीनियरिंग डिग्री अथवा औद्योगिक रसायन, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, विज्ञान जैसे विषयों में स्नातकोत्तर डिग्री या एमबीए की योग्यता निर्धारित की गई है।
खनिज विभाग में आईटीआई और डिप्लोमा जरूरी
खनिज विभाग के सर्वेयर, स्ट्रिंगर, मैकेनिक, मजदूर और खान सर्वेक्षक समेत कई तकनीकी पदों के लिए संबंधित ट्रेड की योग्यता निर्धारित की गई है। इन पदों पर आईटीआई, सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा, सर्वेयर ट्रेड या संबंधित तकनीकी योग्यता को अनिवार्य किया गया है। जिन पदों पर अनुभव की आवश्यकता होगी, वहां निर्धारित कार्य अनुभव की शर्त भी लागू रहेगी।
सरकार के इस संशोधन से विभिन्न विभागों में होने वाली भर्तियों के लिए पात्रता मानदंड पहले से अधिक स्पष्ट हो गए हैं। भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले संबंधित पद की आधिकारिक अधिसूचना में शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी अर्हता, परीक्षा और अनुभव से जुड़ी शर्तों की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए।