नेपाल में बड़ा विमान हादसा टला, लैंडिंग के वक्त टायर में लगी आग

काठमांडू। नेपाल के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इस्तांबुल से आ रही तुर्की एयरलाइंस की एक फ्लाइट के टायर में लैंडिंग के दौरान आग लग गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।

एयरपोर्ट सुरक्षा विभाग के एसपी राजकुमार सिलावल के मुताबिक, तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट टीके-726 जैसे ही रनवे पर उतरी, उसके एक टायर से धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि विमान में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य मौजूद थे। इनमें संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के कुछ अधिकारी भी शामिल थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। तकनीकी टीम विमान की जांच में जुटी हुई है, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *