IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स का बड़ा फेरबदल, कप्तानी को लेकर सस्पेंस गहराया

जयपुर। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स ने ऐसा फैसला लिया है, जिसने क्रिकेट गलियारों में हलचल मचा दी है। टीम ने अपने लंबे समय के कप्तान संजू सैमसन को ट्रेड के जरिए चेन्नई सुपर किंग्स के हवाले कर दिया है। इस बड़े सौदे के बदले राजस्थान को दो मजबूत खिलाड़ी मिले हैं—अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और इंग्लैंड के स्टार क्रिकेटर सैम करन।

संजू सैमसन के टीम से बाहर होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आगामी सीजन में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की जिम्मेदारी किसके कंधों पर होगी।

सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाया रोमांच
हाल ही में राजस्थान रॉयल्स के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर रविंद्र जडेजा की एक तस्वीर साझा की गई, जिसके साथ लिखा गया—“जल्द ही थालापथी”। तमिल भाषा में ‘थालापथी’ का मतलब नेतृत्व करने वाला या सेनापति होता है। इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच जडेजा को कप्तान बनाए जाने की अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

कप्तानी के संभावित दावेदार
राजस्थान के पास कप्तानी के लिए कई नाम मौजूद हैं। रियान पराग पहले ही उपकप्तान की भूमिका निभा चुके हैं और संजू सैमसन की अनुपस्थिति में टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। वहीं युवा खिलाड़ी ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल को भविष्य का कप्तान माना जा रहा है, लेकिन अनुभव की कमी उन्हें फिलहाल पीछे रखती है।
इन सबके बीच सबसे मजबूत दावेदार रविंद्र जडेजा माने जा रहे हैं, जिनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल का लंबा अनुभव है और जो दबाव में फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं।

राजस्थान और जडेजा का पुराना नाता
रविंद्र जडेजा का राजस्थान रॉयल्स से रिश्ता काफी पुराना है। 2008 में टीम की पहली आईपीएल ट्रॉफी जीत में वे अहम हिस्सा रहे थे। 2009 में भी उन्होंने राजस्थान की ओर से खेला, इसके बाद 2012 से चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़कर टीम के प्रमुख स्तंभ बने। अब राजस्थान में उनकी वापसी ने फैंस को पुराने सुनहरे दौर की याद दिला दी है।

कप्तान कौन? निगाहें ऐलान पर
फिलहाल राजस्थान रॉयल्स ने कप्तानी को लेकर रहस्य बनाए रखा है, लेकिन संकेत, अनुभव और टीम संयोजन को देखते हुए जडेजा सबसे आगे नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही फ्रेंचाइजी इस पर से पर्दा उठा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *