शिवनाथ नदी में डूबने से व्यक्ति की मौत: महमरा एनीकेट में हुआ हादसा, SDRF ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव

दुर्ग। शिवनाथ नदी के महमरा एनीकेट में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पानी में डूबने से एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची टीम

कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पर रवाना हुई। एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में जवानों ने एनीकेट के गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन चलाया।

जवानों ने कड़ी मेहनत से निकाला शव

एसडीआरएफ के जवानों—चंद्रप्रताप जघेंल, ओंकार, सूरज, शारदा, राजेश यादव, राजेश नेताम, दिलीप, महेश, चंद्रप्रकाश और भूपेंद्र सिंह ने काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

शिनाख्त और जांच में जुटी पुलिस

पुलिस मृतक की शिनाख्त करने और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक नहाते वक्त डूबा या यह कोई अन्य हादसा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *