पहली ही पारी में मानव सुथार का कमाल, अफगानिस्तान 152 रन पर ऑलआउट

न्यू चंडीगढ़। भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने मजबूत पकड़ बना ली है। भारत द्वारा पहली पारी में बनाए गए 564 रनों के जवाब में अफगानिस्तान की टीम मात्र 152 रन पर सिमट गई।

इस मैच में डेब्यू कर रहे स्पिन गेंदबाज मानव सुथार अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के लिए “अबूझ पहेली” साबित हुए। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट मात्र 33 रन देकर झटके और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

अफगानिस्तान की टीम ने तीसरे दिन 113/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनका संघर्ष ज्यादा देर तक नहीं चल सका। टीम ने अगले 5 विकेट सिर्फ 39 रन जोड़कर गंवा दिए और पूरी पारी 152 रन पर समाप्त हो गई।

अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने सबसे अधिक 60 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई सहयोग नहीं मिल सका। बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए।

भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट लिए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट अपने नाम किया।

पहली पारी के आधार पर भारत ने 412 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली है, जिससे मैच पर उसकी पकड़ बेहद मजबूत हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *