दुर्ग। शहर में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और लंबित निर्माण कार्यों को लेकर महापौर अलका बाघमार ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। गुरुवार, 9 अक्टूबर को हुई बैठक में उन्होंने इंदिरा मार्केट और पुराने बस स्टैंड की मल्टीलेवल पार्किंग से लेकर अमृत मिशन तक के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कार्यों की शुरुआत अब तक नहीं हुई है, उन्हें जल्द शुरू किया जाए और सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
मल्टीलेवल पार्किंग से अमृत मिशन तक की समीक्षा
महापौर अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर की मौजूदगी में अपने कक्ष में जल विभाग, लोक कर्म विभाग और विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों से चल रहे, पूरे हो चुके, लंबित और अप्रारंभ कार्यों की विभागवार जानकारी ली गई।
बैठक में इंदिरा मार्केट और पुराने बस स्टैंड स्थित मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण, विभिन्न वार्डों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों और अमृत मिशन के तहत पाइपलाइन विस्तार की स्थिति पर चर्चा की गई। महापौर ने इन कार्यों में तेजी लाने और लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
शहर के अंधेरे इलाकों में होगी रोशनी की व्यवस्था
समीक्षा बैठक में शहर की प्रकाश व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में बिजली के खंभों पर लाइट नहीं लगी है, वहां आवश्यक व्यवस्था की जाए। इससे शहर के अंधेरे इलाकों में रोशनी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
निर्माण कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की नियमित निगरानी करे और निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा कराए। उन्होंने अप्रारंभ कार्यों के लिए जरूरी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर काम शुरू कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा, ताकि विकास कार्यों का लाभ नागरिकों तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, कार्यपालन अभियंता मोहम्मद सलीम सिद्दीकी, सहायक अभियंता गिरिश दीवान, संजय ठाकुर, राजेन्द्र ढबाले और हरिशंकर साहू सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।