भिलाई नगर। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में अभिजीत सिंह (कलेक्टर, दुर्ग) एवं विजय अग्रवाल (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पहुंचते ही प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल गुप्ता एवं निर्वाचित पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों अधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के महासचिव दिलीप शर्मा ने अतिथियों को प्रेस क्लब की सामाजिक, रचनात्मक गतिविधियों, पत्रकार कल्याण योजनाओं और भावी कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मीडिया को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए शहर और जिले के विकास में पत्रकारों की सकारात्मक भूमिका की सराहना की और प्रशासन–मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।


वहीं एसएसपी विजय अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में मीडिया के सहयोग को अहम बताते हुए पुलिस–पब्लिक–प्रेस के बीच विश्वासपूर्ण संबंधों को समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का कलेक्टर एवं एसएसपी ने स्पष्ट और सहजता से जवाब भी दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रेस क्लब की ओर से दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।