MILK TEA SIDE EFFECTS: भारत में दिन की शुरुआत अक्सर एक कप दूध वाली चाय से होती है। कई लोगों के लिए यह आदत इतनी मजबूत होती है कि सुबह की चाय के बिना दिन अधूरा सा लगता है। वहीं कुछ लोग दिनभर में बार-बार चाय पीते रहते हैं। हालांकि चाय थकान दूर करने और तुरंत ऊर्जा देने का काम करती है, लेकिन जरूरत से ज्यादा दूध की चाय सेहत पर बुरा असर डाल सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक चाय पीने की आदत धीरे-धीरे कई गंभीर समस्याओं को जन्म दे सकती है। आइए जानते हैं दूध वाली चाय के अधिक सेवन से होने वाले नुकसान—
आयरन की कमी का खतरा
दूध की चाय में मौजूद टैनिन आयरन के अवशोषण को रोक सकता है। खासकर भोजन के तुरंत पहले या बाद में चाय पीने से शरीर में आयरन की कमी हो सकती है, जिससे एनीमिया और हीमोग्लोबिन लेवल गिरने की आशंका बढ़ जाती है।
भूख कम लगना
खाली पेट या बार-बार दूध की चाय पीने से भूख पर असर पड़ता है। इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते और कमजोरी, थकान व रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी आ सकती है।
हृदय से जुड़ी समस्याएं
दूध की चाय में मौजूद कैफीन का अधिक सेवन दिल की धड़कन तेज कर सकता है। लंबे समय तक ज्यादा कैफीन लेने से हार्ट डिजीज और ब्लड प्रेशर से जुड़ी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है।
पाचन तंत्र पर असर
ज्यादा दूध वाली चाय पीने से एसिडिटी, पेट दर्द, गैस और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर खाली पेट चाय पीना पाचन तंत्र के लिए नुकसानदायक माना जाता है।
नींद में बाधा
कैफीन नींद को प्रभावित करता है। दिन में ज्यादा चाय पीने से रात को नींद न आना, बार-बार नींद खुलना और बेचैनी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
दिमागी स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव
अत्यधिक कैफीन लेने से तनाव, घबराहट, चिड़चिड़ापन और चिंता बढ़ सकती है। कुछ मामलों में यह मानसिक थकान और एकाग्रता की कमी का कारण भी बनता है।
डिहाइड्रेशन की समस्या
चाय में मौजूद कैफीन और थियोफिलाइन शरीर से पानी की मात्रा कम कर सकते हैं। इससे डिहाइड्रेशन, कब्ज और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
गैस और एसिडिटी बढ़ना
सुबह खाली पेट चाय पीने से शरीर का पीएच बैलेंस बिगड़ सकता है। इससे हार्टबर्न, खट्टी डकार और पेट में जलन की शिकायत हो सकती है।