भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप, सेक्टर-9 अस्पताल और मैत्री बाग के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने मंगलवार से “भिलाई की बसाहट बचाओ” जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर दी। अभियान के पहले दिन उन्होंने सेक्टर-2 में घर-घर पहुंचकर रहवासियों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और टाउनशिप को बचाने के लिए समर्थन मांगा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान पत्रकारों से बातचीत में देवेंद्र यादव ने बीएसपी प्रबंधन और केंद्र-राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि योजनाबद्ध तरीके से भिलाई की बसाहट को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पहले रिटेंशन स्कीम के तहत आवंटित मकानों को खाली कराने का प्रयास किया गया और अब लीजधारियों के साथ-साथ लाइसेंस पर रहने वाले लोगों को भी नोटिस देकर हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

देवेंद्र यादव ने कहा, “भिलाई की जो बसाहट है, उसे खत्म करने
के लिए षड्यंत्रपूर्वक नोटिस दिए जा रहे हैं। पहले रिटेंशन स्कीम वाले मकानों को खाली कराने की कोशिश हुई, अब लीजधारियों और लाइसेंस वाले मकानों में रहने वालों को भी हटाने की प्रक्रिया चल रही है। हम पहले भी कहते थे कि भिलाई की बसाहट को खत्म नहीं होने देंगे और आज भी उसी संकल्प के साथ जनता के बीच आए हैं।”
उन्होंने कहा कि “सेल (SAIL), डबल इंजन की सरकार और
बीएसपी प्रबंधन जितना भी प्रयास कर लें, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। टाउनशिप की बसाहट हम किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने देंगे।”
सभी दलों और जनप्रतिनिधियों से मांगा समर्थन
जब उनसे पूछा गया कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार है और उनके जनप्रतिनिधि भी भिलाई से जुड़े हैं, क्या उनसे भी सहयोग मांगेंगे? इस पर विधायक ने कहा कि यह किसी एक दल का नहीं बल्कि पूरे भिलाई का मुद्दा है।
विधायक देवेंद्र यादव ने बताया कि यह जनसंपर्क अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में भिलाई टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों में घर-घर जाकर रहवासियों से मुलाकात की जाएगी, उनकी राय ली जाएगी और टाउनशिप, सेक्टर-9 अस्पताल तथा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बचाने के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भिलाई की पहचान और बसाहट को बचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।