रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमीय सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। सबसे अधिक असर बिलासपुर में देखने को मिला, जहां बीते 24 घंटे में 28 सेंटीमीटर रिकॉर्ड वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
रायपुर में रुक-रुककर बारिश का दौर
राजधानी रायपुर में शुक्रवार से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार को भी गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना बनी हुई है। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेशभर में सक्रिय है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई है। तापमान की बात करें तो पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान रायपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद और सक्ती जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से नदी-नालों, रपटों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही खराब मौसम के दौरान केवल आवश्यक होने पर ही घर से निकलने और स्थानीय प्रशासन व मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।