छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; रायपुर में भी बरसेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब धीरे-धीरे पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अब भी गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार कोंडागांव, नारायणपुर, कांकेर, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, रायगढ़ और जशपुर जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम, मुंगेली, महासमुंद और गरियाबंद जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में लगभग 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं नारायणपुर, जगदलपुर, जगरगुंडा और मर्रीबंगला देवरी में करीब 2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया और गंगालूर सहित कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

सक्रिय हैं कई मौसमी सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। समुद्र तल पर बनी मौसमी द्रोणिका पंजाब से बिहार तक फैली हुई है। इसके साथ ही उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मणिपुर तक सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

रायपुर में बादल छाए रहने के आसार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश होने के संकेत दिए हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 1 जुलाई से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और अधिक मजबूत होने की संभावना है, जिससे अधिकांश जिलों में व्यापक और अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *