छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन की नई पहल, “सेवा सेतु” पोर्टल से मिलेंगी 441 से अधिक सेवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य में “सेवा सेतु” पोर्टल को प्रभावी डिजिटल माध्यम के रूप में विकसित किया गया है, जिसके जरिए नागरिकों को अब एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 441 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

ई-डिस्ट्रिक्ट से अपग्रेड होकर बना “सेवा सेतु”

पूर्व में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, जिन्हें अब विस्तारित कर “सेवा सेतु” पोर्टल में शामिल किया गया है। इस नए प्लेटफॉर्म के जरिए विभिन्न विभागों की सेवाएं ऑनलाइन, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से दी जा रही हैं।

पंचायत स्तर तक पहुंचेगी डिजिटल सेवाएं

पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए पंचायत सचिवों, सेवा सेतु केंद्र संचालकों और विभागीय कर्मचारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि नागरिकों को त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें।

एक प्लेटफॉर्म पर कई सुविधाएं

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख सेवाएं, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रम एवं राजस्व विभाग की सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अब नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। वे एक ही स्थान से आवेदन कर निर्धारित समय सीमा में सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा लाभ

ग्रामीण स्तर पर भी विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट परिवर्तन, साफ-सफाई से जुड़े आवेदन और नाम परिवर्तन जैसी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। पोर्टल को व्हाट्सएप से भी जोड़ा गया है, जिससे नागरिक घर बैठे जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

राज्य सरकार के अनुसार “सेवा सेतु” पोर्टल केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि शासन और नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करने वाला माध्यम है। ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी है।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक इस पोर्टल का उपयोग करें और डिजिटल सुशासन को मजबूत बनाने में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *