दुर्ग, 26 अगस्त। आमदे मुस्तफा एवं जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर सीरत पाक कमेटी शहर दुर्ग द्वारा आयोजित एक रोजा अज़ीमुश्शान जलसा ‘नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस’ बुधवार को जामा मस्जिद, दुर्ग में संपन्न हुआ। बाद नमाज मगरिब आयोजित इस रूहानी एवं इल्मी जलसे में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
कार्यक्रम में मेहमान-ए-खुसूसी आले नबी, हजरत अल्लामा मौलाना पीर मुफ्ती सैय्यद ओहादुद्दीन माज़ अशरफ अशरफीउल जिलानी अजहरी मिस्बाही साहब किबला, किछौछा शरीफ उत्तर प्रदेश ने शिरकत कर खिताब फरमाया। इस दौरान नात-ओ-मनकबत, सीरत-ए-पाक और इस्लामी शिक्षाओं पर तकरीर हुई। उपस्थित लोगों ने पूरे अदब व एहतराम के साथ कार्यक्रम में शिरकत की।



जुलूसे मोहम्मदी में दिखा उत्साह
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को सीरत पाक कमेटी शहर दुर्ग द्वारा जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस दोपहर 2 बजे बाद नमाज जोहर जामा मस्जिद, दुर्ग से रवाना हुआ। विभिन्न मार्गों से होते हुए जुलूस पुनः जामा मस्जिद पहुंचा, जहां परचम कुशाई की रस्म अदा की गई।
जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। रास्तेभर लोगों ने मिलादुन्नबी की खुशी का इजहार किया। जुलूस के दौरान अनुशासन, अमन, शांति और भाईचारे का संदेश दिया गया। सीरत पाक कमेटी के सदर सैय्यद अनीस रज़ा सहित कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।