नई दिल्ली। नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच लगातार तेज होती जा रही है। अब तक इस मामले में कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ताजा कार्रवाई में सीबीआई ने इस कथित रैकेट के मास्टरमाइंड माने जा रहे केमिस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई के अनुसार, पीवी कुलकर्णी लंबे समय से राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े हुए थे और उन्हें प्रश्नपत्रों तक पहुंच हासिल थी। जांच एजेंसी का दावा है कि कुलकर्णी ने अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से कुछ छात्रों को इकट्ठा किया था। मनीषा वाघमारे को सीबीआई ने 14 मई को गिरफ्तार किया था।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुलकर्णी ने महाराष्ट्र के पुणे स्थित अपने घर पर चुनिंदा छात्रों के लिए विशेष ट्यूशन क्लास चलाई थी। इन क्लासों के दौरान वह छात्रों को सवाल, उनके विकल्प और सही जवाब डिक्टेट करते थे, जिन्हें छात्र अपनी नोटबुक में लिखते थे। सीबीआई का कहना है कि छात्रों द्वारा नोट किए गए सवाल 3 मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा के असली प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते हैं।
पीवी कुलकर्णी मूल रूप से महाराष्ट्र के लातूर जिले के निवासी हैं। फिलहाल उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पुणे ले जाया गया है और वहां से दिल्ली लाने की प्रक्रिया जारी है। सीबीआई ने बताया कि इससे पहले जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से 7 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 5 आरोपियों को 7 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा गया है, जबकि दो अन्य को ट्रांजिट रिमांड के बाद दिल्ली लाया जाएगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान सीबीआई ने देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। अब इनकी फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब लातूर में कुछ अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई कि एक कोचिंग संस्थान के मॉक टेस्ट में पूछे गए 42 सवाल नीट यूजी परीक्षा के असली पेपर से पूरी तरह मेल खाते थे। शिकायत के बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की और बाद में मामला सीबीआई को सौंप दिया गया।