CBSE की नई पहल: 8वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए 19 मुफ्त ऑनलाइन टेक्नोलॉजी कोर्स

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। बोर्ड ने छात्रों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से 19 मुफ्त ऑनलाइन कोर्स शुरू किए हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र घर बैठे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), पायथन प्रोग्रामिंग, कोडिंग, साइबर सिक्योरिटी, वेब टेक्नोलॉजी समेत कई उभरते क्षेत्रों की पढ़ाई कर सकेंगे। इन सभी कोर्स के लिए छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

CBSE ने बताया कि आमतौर पर इन विषयों की ट्रेनिंग के लिए निजी संस्थानों में हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन अब बोर्ड से संबद्ध स्कूलों के छात्र यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क प्राप्त कर सकेंगे। बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि इस पहल की जानकारी विद्यार्थियों और अभिभावकों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें।

इन ऑनलाइन कोर्स को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) के सहयोग से तैयार किया गया है। सभी पाठ्यक्रम NIELIT के डिजिटल यूनिवर्सिटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। CBSE का उद्देश्य छात्रों को शुरुआती स्तर से ही नई तकनीकों से परिचित कराना है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा और भविष्य के रोजगार के अवसरों में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिल सके।

विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई कोर्स हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराए गए हैं। इससे भाषा किसी भी छात्र के सीखने में बाधा नहीं बनेगी। छात्र अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुसार आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूची में से किसी भी पाठ्यक्रम का चयन कर सकते हैं।

इन कोर्स की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि छात्र अपनी सुविधा और समय के अनुसार ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे। किसी निर्धारित समय पर क्लास में शामिल होना अनिवार्य नहीं होगा। कोर्स की अवधि भी अलग-अलग रखी गई है। शुरुआती स्तर के कुछ कोर्स 15 घंटे के हैं, जबकि एडवांस लेवल के कोर्स 100 घंटे से अधिक अवधि के हैं। इससे विद्यार्थी अपनी रुचि और सीखने की गति के अनुसार उपयुक्त पाठ्यक्रम चुन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *