जशपुर जिले के फरसाबहार में विकास को नई गति, मुख्यमंत्री ने 13 परियोजनाओं का किया शुभारंभ

जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र को 40 करोड़ 89 लाख 26 हजार रुपए की लागत से होने वाले 13 विकासकार्यों की सौगात दी। इनमें से 4 करोड़ 16 लाख 41 हजार रुपए लागत के 4 कार्यों का लोकार्पण तथा 36 करोड़ 72 लाख 85 हजार रुपए लागत के 9 कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने जिन कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें 1 करोड़ 81 लाख 32 हजार रुपए लागत से मस्कामारा से लवाकेरा मेन रोड तक 1.70 किमी लंबा मार्ग, 1 करोड़ 29 लाख 56 हजार रुपए लागत से अंबाकछार पहुंच मार्ग (लंबाई 1.00 किमी), 10 लाख रुपए लागत की आरसीसी पुलिया (सिंहटोला दीपक घर से मेन रोड मार्ग) तथा 95 लाख 53 हजार रुपए लागत से मुण्डाडीह पहुंच मार्ग (0.90 किमी) का निर्माण कार्य शामिल है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय ने 36 करोड़ 72 लाख 85 हजार रुपए की लागत के 9 विकासकार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें 31 लाख 38 हजार रुपए लागत का फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट, 23 करोड़ 96 लाख 94 हजार रुपए लागत का पमशाला से सरईटोला तक 11.50 किमी लंबा मार्ग, फरसाबहार में 1 करोड़ 72 लाख 55 हजार रुपए लागत का विश्रामगृह भवन, तथा विभिन्न ग्रामों में आदिवासी छात्रावासों के भवन निर्माण शामिल हैं। इनमें कोल्हेनझरिया, फरसाबहार, लवाकेरा, पंडरीपानी और तपकरा में प्री.मै. एवं प्रो.मै. आदिवासी बालक छात्रावासों के लिए कुल लगभग 10 करोड़ रुपए के भवन निर्माण कार्य किए जाएंगे।

कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, विजय आदित्य सिंह जूदेव सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि फरसाबहार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में इस क्षेत्र की सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं में नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *