जामुल की खंडहरनुमा बिल्डिंग में मिली नवजात बच्ची, इलाके में हड़कंप

दुर्ग/जामुल। जामुल के अयोध्या नगर स्थित एक खंडहरनुमा बिल्डिंग में नवजात बच्ची मिलने से सोमवार को पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बिल्डिंग से अचानक आई बच्चे के रोने की आवाज ने लोगों को चौंका दिया, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों ने बच्ची को सीढ़ियों के पास रोते हुए देखा।

सूचना मिलते ही लोगों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल किया। मौके पर पहुंची जामुल थाना पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित अपनी गिरफ्त में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। फिलहाल बच्ची सुरक्षित बताई जा रही है।

पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्ची को वहां किसने और कब छोड़ा। साथ ही लावारिस बच्ची के परिजनों की खोज के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिल्डिंग अक्सर सुनसान रहती है, जिसके कारण किसी के ध्यान में यह गंभीर घटना देर से आई। जामुल पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए कहा है कि बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति या परिवार की पहचान होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल नवजात बच्ची सुरक्षित है और पुलिस जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *