मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें योग आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

मुलाकात के दौरान प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार, योग संबंधी गतिविधियों के विस्तार और उन्हें अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली के लिए योग को जनआंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि संजय अग्रवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी पहल करेगा। उन्होंने आशा जताई कि आयोग के माध्यम से योग को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर योग के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और प्रदेश में योग संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में विभिन्न संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *