नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देशभर के यात्रियों के लिए एक नई पारदर्शी पहल शुरू की है। अब सभी टोल प्लाज़ा पर ‘स्थानीय मासिक पास’ और ‘वार्षिक पास’ से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएगी, ताकि यात्रियों को पास की दरें, प्रक्रिया और पात्रता की सटीक जानकारी आसानी से मिल सके।
एनएचएआई के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य यूजर्स में जागरूकता बढ़ाना और टोल प्रणाली में पारदर्शिता लाना है। इसके तहत टोल प्लाज़ा के प्रवेश द्वार, ग्राहक सेवा क्षेत्र और निकास मार्गों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, जो अंग्रेज़ी, हिन्दी और स्थानीय भाषा में होंगे। प्राधिकरण ने अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को 30 दिनों के भीतर ये बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि दिन और रात दोनों समय यह जानकारी स्पष्ट रूप से दिखाई दे।
साथ ही, ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल ऐप और एनएचएआई की परियोजना वेबसाइटों पर भी पासों से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे यात्रियों को ऑनलाइन भी पास की दरें, वैधता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
एनएचएआई ने बताया कि ‘स्थानीय मासिक पास’ 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निजी वाहन चालकों के लिए उपलब्ध है। इसे प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड, वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र और निवास प्रमाण जैसे दस्तावेज़ आवश्यक हैं। इनकी जांच के बाद पास संबंधित टोल प्लाज़ा के हेल्पडेस्क पर जारी किया जाता है।
वहीं, ‘वार्षिक पास’ सुविधा केवल कार, जीप या वैन जैसे निजी वाहनों के लिए मान्य है। इसे ‘राजमार्ग यात्रा’ ऐप के माध्यम से खरीदा जा सकता है। 3,000 रुपए के एकमुश्त भुगतान के बाद यह पास वाहन के वैध फास्टैग से जुड़ जाता है और पूरे देश के करीब 1,150 टोल प्लाज़ा पर मान्य रहता है। यह पास एक वर्ष या 200 टोल क्रॉसिंग तक वैध होता है।
एनएचएआई की यह पहल न केवल यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएगी, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को अधिक सहज, किफायती और पारदर्शी भी बनाएगी।