नई दिल्ली : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही अपने करोड़ों खाताधारकों के लिए एक नई डिजिटल सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस पहल के तहत अब पीएफ सदस्य WhatsApp के जरिए घर बैठे अपने खाते से जुड़ी अहम जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद खाताधारकों को पीएफ बैलेंस, पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी और क्लेम स्टेटस जानने के लिए वेबसाइट या कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके लिए यूजर्स को केवल EPFO के आधिकारिक WhatsApp नंबर पर ‘Hello’ मैसेज भेजना होगा।
मैसेज भेजने के बाद सिस्टम यह जांच करेगा कि संबंधित मोबाइल नंबर यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से लिंक है या नहीं। सत्यापन पूरा होते ही एआई आधारित चैटबॉट यूजर को उसकी स्थानीय भाषा में कई विकल्प उपलब्ध कराएगा, जिनकी मदद से कुछ ही सेकंड में जरूरी जानकारी हासिल की जा सकेगी। खास बात यह है कि यह सुविधा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी।
EPFO के अनुसार, यह सेवा सिर्फ बैलेंस और क्लेम स्टेटस तक सीमित नहीं होगी। इसके जरिए आधार प्रमाणीकरण, DBT सेवा और अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान में भी मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के लाभार्थियों को भी इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से सहायता प्रदान की जाएगी।
अगर किसी सदस्य का आधार सत्यापन भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक से पूरा नहीं हुआ है या बैंक खाते में DBT सेवा सक्रिय नहीं है, तो वे WhatsApp चैटबॉट के जरिए समाधान प्राप्त कर सकेंगे। EPFO का कहना है कि चैटबॉट पर होने वाली बातचीत की मॉनिटरिंग भी की जाएगी, ताकि भविष्य में सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।