दुर्ग, 18 सितंबर। नगर पालिक निगम दुर्ग ने शहरवासियों को ताजी, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण फल-सब्जियां किफायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में अभिनव पहल शुरू की है। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर नाका स्थित वार्ड क्रमांक 21 के पंचरत्न गार्डन में ‘सब्जी की टोकरी’ केंद्र का शुभारंभ महापौर अलका बाघमार ने किया।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य लीना दिनेश देवांगन, वार्ड पार्षद विद्यावती सिंह, चंद्रिका चंद्राकर, अरुण सिंह, कुमुद बघेल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
घर के नजदीक मिलेगी ताजी और सस्ती सब्जी
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रारंभ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निगम द्वारा यह जनहितकारी पहल शुरू की गई है। ‘सब्जी की टोकरी’ का उद्देश्य नागरिकों को उनके आसपास ही ताजी, स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती दरों पर फल-सब्जियां उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों को बाजार जाने की परेशानी कम होगी और उनके नजदीक ही ताजी सब्जियां एवं फल उपलब्ध हो सकेंगे। आने वाले समय में कीटनाशक एवं रसायन मुक्त फल-सब्जियां उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

हर केंद्र पर दो महिलाओं को मिलेगा रोजगार
महापौर ने कहा कि ‘सब्जी की टोकरी’ केवल फल-सब्जी उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि इसे महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से भी जोड़ा गया है। प्रत्येक केंद्र पर दो महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
शहर में करीब 10 स्थानों पर खुलेंगे केंद्र
नगर निगम इसी तर्ज पर शहर के लगभग 10 अलग-अलग स्थानों पर किफायती सब्जी एवं फल की दुकानें शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए वार्ड क्रमांक 51 स्थित नाना-नानी पार्क सहित अन्य स्थानों को चिन्हित किया गया है। आने वाले दिनों में इन स्थानों पर भी ‘सब्जी की टोकरी’ केंद्र शुरू किए जाएंगे।
महापौर ने कहा कि निगम का उद्देश्य दुर्ग शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट बनाने के साथ नागरिकों को बेहतर एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। ‘सब्जी की टोकरी’ इसी दिशा में किया गया एक और जनहितकारी नवाचार है।
निगम की शहरवासियों से अपील
निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे किफायती दरों पर ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण फल-सब्जियां खरीदने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू किए गए ‘सब्जी की टोकरी’ केंद्र का लाभ उठाएं।