28 नहीं अब 30 दिन की होगी वैलिडिटी? TRAI का Jio-Airtel-Vi को बड़ा निर्देश

डेस्क। अगर आप मोबाइल में इंटरनेट का बहुत कम इस्तेमाल करते हैं या सिर्फ कॉल और SMS के लिए फोन चलाते हैं, तो TRAI का नया नियम आपके लिए अहम हो सकता है। 21 सितंबर 2026 को जारी नए नियम के तहत Jio, Airtel और Vi समेत टेलीकॉम कंपनियों को Voice और SMS-only रिचार्ज के ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराने होंगे। इन प्लान में डेटा शामिल नहीं होगा, जिससे केवल कॉल और SMS की जरूरत वाले ग्राहकों को अनावश्यक डेटा के लिए भुगतान नहीं करना पड़ेगा।

हालांकि, यह नियम तुरंत लागू नहीं होगा। आधिकारिक गजट में प्रकाशित होने के 30 दिन बाद नए प्रावधान लागू होंगे।

28 दिन वाले प्लान के साथ देना होगा बिना डेटा वाला विकल्प

नए नियमों में वैलिडिटी को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अगर कोई टेलीकॉम कंपनी 28 दिन की वैलिडिटी वाला कॉलिंग, SMS और डेटा पैक देती है, तो उसे इसी अवधि वाला Voice-SMS-only प्लान भी उपलब्ध कराना होगा।

इसी तरह 30 दिन या उससे कम अवधि वाले अन्य डेटा पैक के लिए भी बिना डेटा वाला विकल्प देना होगा। TRAI ने यह भी कहा है कि डेटा हटाए जाने के बाद Voice-SMS-only प्लान की कीमत में उचित कमी होनी चाहिए। हालांकि, TRAI ने इसकी कोई निश्चित कीमत तय नहीं की है और कंपनियां अपनी कीमत के अनुसार प्लान पेश कर सकेंगी।

हर महीने एक ही तारीख पर रिन्यू होगा प्लान

TRAI ने ग्राहकों की सुविधा के लिए एक और प्रावधान किया है। टेलीकॉम कंपनियों को कम से कम एक ऐसा Voice-SMS-only प्लान उपलब्ध कराना होगा, जिसे हर महीने एक ही तारीख को दोबारा रिचार्ज किया जा सके।

उदाहरण के लिए, अगर किसी ग्राहक ने 15 तारीख को रिचार्ज किया है, तो अगले महीने भी उसी तारीख को प्लान की वैलिडिटी खत्म होगी। जिस महीने 15 तारीख नहीं होती, उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यूअल माना जाएगा।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि सभी 28 दिन वाले रिचार्ज अपने आप 30 दिन के हो जाएंगे। कंपनियों को सिर्फ कम से कम एक ऐसा विकल्प उपलब्ध कराना होगा।

84 दिन और 365 दिन वाले प्लान भी रहेंगे

TRAI के नए नियम से लंबे समय वाले Voice-SMS-only रिचार्ज खत्म नहीं होंगे। कंपनियों को कम से कम एक लंबी वैलिडिटी वाला ऐसा प्लान भी उपलब्ध कराना होगा।

इससे तीन महीने, छह महीने या सालभर के लिए सिर्फ कॉल और SMS इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के पास विकल्प बने रहेंगे। Voice-SMS-only प्लान की वैलिडिटी 365 दिन तक हो सकती है। वहीं, इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए मौजूदा डेटा-बंडल प्लान भी जारी रहेंगे।

बुजुर्ग और फीचर फोन यूजर्स को ज्यादा फायदा

TRAI के मुताबिक, पहले Voice-SMS-only प्लान के विकल्प सीमित थे। कंपनियां अक्सर 80/84 दिन या 336/365 दिन जैसी लंबी वैलिडिटी वाले प्लान देती थीं, जबकि कम अवधि के विकल्प कम उपलब्ध थे।

नए नियमों से बुजुर्गों, ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों, फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों और कम डेटा इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को अपनी जरूरत के हिसाब से रिचार्ज चुनने के ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं।

हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि सभी कंपनियों के रिचार्ज अब निश्चित रूप से सस्ते हो जाएंगे। TRAI ने डेटा हटाने के बाद कीमत में उचित कमी करने की बात कही है, लेकिन किसी निश्चित कीमत का निर्धारण नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *