नेपाल आपदा में मदद को आगे आए Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग, राहत कोष में दिए 84 करोड़ रुपये

काठमांडू। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी की विनाशकारी बाढ़ से हुई भारी तबाही के बीच दुनिया की प्रमुख टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के संस्थापक और CEO जेन्सेन हुआंग ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। हुआंग ने नेपाल के प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में 10 मिलियन डॉलर यानी करीब 84 करोड़ भारतीय रुपये का दान दिया है।

इस बड़ी सहायता के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में जमा राशि 10 अरब नेपाली रुपये यानी करीब 66 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक हो गई है।

नेपाल के वित्त मंत्री ने जताया आभार

नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले ने वीडियो संदेश जारी कर जेन्सेन हुआंग का आभार जताया। उन्होंने इस योगदान को असाधारण और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी आर्थिक मदद आपदा से प्रभावित और बेघर हुए लोगों के पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

वित्त मंत्री ने उम्मीद जताई कि हुआंग के इस मानवीय कदम से प्रेरणा लेकर दुनिया भर के अन्य सक्षम लोग और संस्थाएं भी नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आगे आएंगी।

बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही

नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) की रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ और भूस्खलन से नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही हुई है। रिपोर्ट में 1,259 लोगों की मौत और 5,053 लोगों के लापता होने की जानकारी दी गई है।

लापता लोगों की तलाश में नेपाली सेना और आपदा राहत टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। हालांकि, दुर्गम इलाकों, खराब रास्तों और भारी मलबे के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।

भारत समेत कई देशों ने बढ़ाया मदद का हाथ

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने आपदा के बाद मिल रही अंतरराष्ट्रीय सहायता की जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, भारत संकट की शुरुआत से ही नेपाल के साथ खड़ा है और अब तक पांच चरणों में 74 टन राहत सामग्री और विशेष राहत दल भेज चुका है।

इसके अलावा चीन ने 30 करोड़ नेपाली रुपये और 50 टन राहत सामग्री उपलब्ध कराई है। अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, कतर समेत कई देशों ने भी आर्थिक सहायता और राहत सामग्री देने की घोषणा की है।

अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों ने भी नेपाल की मदद के लिए सहायता का ऐलान किया है। विश्व बैंक ने 16.7 करोड़ डॉलर, जबकि एशियाई विकास बैंक (ADB) ने भी 50 लाख डॉलर से अधिक की वित्तीय सहायता की घोषणा की है।

नेपाल में जारी इस प्राकृतिक आपदा के बीच दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से मिल रही मदद से राहत और पुनर्वास अभियान को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *