पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव बढ़ा, कुनार-हेलमंद में एयरस्ट्राइक; 9 की मौत, 11 घायल

काबुल। अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांत में एक बार फिर हवाई हमले किए जाने का दावा सामने आया है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, पाकिस्तानी विमानों ने दोनों प्रांतों में नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोगों की मौत होने तथा 11 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है। हमलों में तीन मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी बात कही गई है।

तालिबान प्रवक्ता के मुताबिक, कुनार के शेल्टन जिले के चोगाम इलाके और हेलमंद के गरमसिर जिले के सफर क्षेत्र में रात के समय बमबारी की गई। उनका आरोप है कि हमलों में आम नागरिकों के घर प्रभावित हुए हैं।

स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया गया कि गुरुवार तड़के करीब 3 बजे कुनार की चोगाम घाटी में एक घर पर हमला हुआ। इस घटना में पांच लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों में बच्चों की संख्या अधिक होने का दावा किया गया है।

इसी तरह हेलमंद के गरमसिर जिले के सफर इलाके में भी हवाई हमले की सूचना है। बमबारी के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे से लोगों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

तालिबान प्रवक्ता ने कथित हवाई हमलों की निंदा करते हुए इसे नागरिक आबादी के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य सिद्धांतों के खिलाफ हैं। इन घटनाओं के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पहले से जारी तनाव और बढ़ने की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *