जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद में लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूरा हरियाणा अब विकास की नई पटरी पर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने जींद की जनता को ‘राम-राम’ कहकर की और पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जींद के घी और घेवर की मिठास आज भी बरकरार है, लेकिन अब यहां विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज जींद का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है, क्योंकि यहीं से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र होगा, तो जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम गर्व के साथ लिया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता पर भी जोर देते हुए कहा कि यदि जनता संकल्प ले ले, तो जींद कभी गंदा नहीं हो सकता।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कई महत्वपूर्ण सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और आवास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे (157.92 किमी), अंबाला-काला अंब 4-लेन राजमार्ग (33.81 किमी), जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड राजमार्ग (40.60 किमी) और हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे (24.27 किमी) जैसी सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, भिवानी में पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज, नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज एवं राव तुला राम अस्पताल, तथा कुरुक्षेत्र में सिख म्यूजियम के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से घरों की चाबियां भी सौंपीं।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसे भारत के हरित परिवहन अभियान और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री का यह दौरा हरियाणा के विकास को नई गति देने और राज्य में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।