गंगटोक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम के दौरे पर मंगलवार सुबह एक अलग ही अंदाज में नजर आए। राजधानी गंगटोक में उन्होंने स्थानीय बच्चों के साथ समय बिताया और फुटबॉल खेलकर माहौल को बेहद खुशनुमा बना दिया। इस दौरान पीएम ने खेल के कुछ खास पलों की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा कीं।
प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि गंगटोक की सुबह बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते हुए बेहद खास रही। उन्होंने एक अन्य संदेश में युवाओं के साथ हुए खेल सत्र को यादगार अनुभव बताया। तस्वीरों में पीएम मोदी बच्चों के साथ मैदान में खेलते और उनसे बातचीत करते दिखाई दिए।
27 अप्रैल की शाम को गंगटोक पहुंचे प्रधानमंत्री का मंगलवार का दिन कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से भरा हुआ है। बच्चों के साथ समय बिताने के बाद उनका ऑर्किडेरियम का दौरा भी प्रस्तावित है। इसके अलावा वे पालजोर स्टेडियम में सिक्किम राज्य स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के समापन समारोह में शामिल होंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री राज्य में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। ये परियोजनाएं सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यटन और कृषि जैसे कई क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जिनका उद्देश्य क्षेत्रीय विकास को गति देना है।
सिक्किम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पाकयोंग जिले में खेल सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे, जिनसे युवाओं को खेल गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
यह यात्रा सिक्किम के राज्य गठन की स्वर्ण जयंती वर्ष में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है, जो पूर्वोत्तर भारत के विकास और कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।