नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 19वें रोजगार मेले में 51,000 से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने इसकी जानकारी अपने ‘एक्स’ पोस्ट के माध्यम से देते हुए कहा कि देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सशक्तीकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि यह रोजगार मेला शनिवार सुबह 11 बजे आयोजित होगा।
देशभर में 47 स्थानों पर आयोजन
19वां रोजगार मेला देशभर में 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान चयनित उम्मीदवारों को भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्त किया जाएगा, जिनमें रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग प्रमुख हैं।
अब तक 12 लाख से अधिक नियुक्तियां
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 18 रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। यह पहल सरकारी भर्ती प्रक्रिया को मिशन मोड में आगे बढ़ाने का हिस्सा है।
युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम में तेजी से वृद्धि हो रही है और लगभग दो लाख स्टार्टअप 21 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दे रहे हैं।
डिजिटल और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में बढ़े अवसर
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि डिजिटल इंडिया और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश के कारण देश में नए रोजगार अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। भारत आज दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और सरकार युवाओं के लिए देश-विदेश में नए अवसर तैयार कर रही है।