रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने रविवार को नवा रायपुर स्थित नवनिर्मित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का निरीक्षण किया और आगामी लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे।
राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अत्याधुनिक विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे और विधायकों सहित आमंत्रित अतिथियों को संबोधित करेंगे।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री साव ने परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थल, मुख्य सदन कक्ष, और मंचीय कार्यक्रम क्षेत्र का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
51 एकड़ भूमि में फैला यह नया विधानसभा भवन नवा रायपुर के सेक्टर-19 में मंत्रालय (महानदी भवन) और विभागाध्यक्ष कार्यालय (इंद्रावती भवन) के पीछे स्थित है। इसे राज्य की सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक स्थापत्य कला के समावेश के साथ निर्मित किया गया है।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि “1 नवम्बर का दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास में एक गौरवपूर्ण क्षण होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भवन को राज्य की जनता को समर्पित करेंगे।” उन्होंने कहा कि नया विधानसभा भवन सिर्फ एक भव्य ढांचा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और आधुनिकता का संगम है।
भवन को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस विधानसभा के रूप में तैयार किया गया है। इसमें 200 सदस्यों तक विस्तार योग्य सदन, अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं, उन्नत सुरक्षा प्रणाली और पर्यावरण अनुकूल निर्माण तकनीक का उपयोग किया गया है।
यह भवन न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि यह नए छत्तीसगढ़ की प्रगतिशील पहचान के रूप में भी उभरेगा।