PM मोदी का आंध्र प्रदेश में बड़ा संदेश, बोले- निवेश से रोजगार बढ़ता है, विकास को मिलती है नई रफ्तार

भोगपुरम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के भोगपुरम में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी, उनका उद्घाटन किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत, लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इनमें एयरपोर्ट, सड़क कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि आंध्र प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को इन विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।

“इन्वेस्टमेंट से रोजगार” हमारी सरकार का मंत्र: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है कि निवेश बढ़ेगा तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार खुद निवेश को बढ़ावा दे रही है और निजी क्षेत्र को भी निवेश के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि जब निवेश बढ़ता है तो मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलता है, उत्पादन बढ़ता है, निर्यात में वृद्धि होती है और इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। रोजगार बढ़ने से लोगों की आय बढ़ती है और परिवारों का जीवन बेहतर होता है।

अल्लूरी सीताराम राजू के नाम होगा नया एयरपोर्ट

प्रधानमंत्री मोदी ने भोगपुरम एयरपोर्ट का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखने की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि इससे देश और दुनिया के लोग उनके जनसेवा और राष्ट्रसेवा के योगदान से प्रेरणा लेंगे।

उन्होंने कहा कि पहले एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार तक सीमित रहते थे, लेकिन अब सरकार ने इस परंपरा को बदलते हुए देश के महापुरुषों और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों के नाम पर एयरपोर्ट का नाम रखने की पहल की है।

13 हजार आदिवासी महिलाओं ने बनाया सांस्कृतिक रिकॉर्ड

पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश में आदिवासी महिलाओं द्वारा प्रस्तुत धीमसा नृत्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 13 हजार से ज्यादा आदिवासी बहनों और बेटियों की प्रस्तुति ने देश की विविधता और जनजातीय संस्कृति की झलक दिखाई।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आदिवासी समुदाय की महिलाओं और आयोजकों को बधाई दी।

देश में तेजी से बढ़ रहा एविएशन सेक्टर

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के विमानन क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वर्ष 2014 में जहां देश में केवल 74 एयरपोर्ट संचालित थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 166 हो गई है।

उन्होंने कहा कि उड़ान योजना के जरिए छोटे शहरों और सामान्य परिवारों के लोगों को भी हवाई यात्रा का अवसर मिला है। इस योजना के अगले चरण पर भी सरकार हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है।

आंध्र को ग्रोथ इंजन बनाने का लक्ष्य

पीएम मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे और बंदरगाहों के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है। राज्य में करीब 1 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है और पूरे रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के युवाओं में अपार प्रतिभा है। सॉफ्टवेयर, आईटी और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में राज्य के युवाओं ने दुनिया में पहचान बनाई है। अब सरकार सेमीकंडक्टर जैसी भविष्य की तकनीकी इंडस्ट्री को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विशाखापट्टनम में नए सेमीकंडक्टर प्लांट की शुरुआत आंध्र प्रदेश को भविष्य की तकनीकी अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *