बेगूसराय।बिहार विधानसभा चुनाव के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को प्रचार अभियान में उतर गए। उन्होंने बेगूसराय में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को जंगलराज से निकालकर सुशासन की राह पर आगे बढ़ाया है और अब “सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय” आ गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार के लिए विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब औद्योगिकीकरण होगा, तब रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बेगूसराय और बरौनी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “जंगलराज के दौर में फैक्ट्रियां बंद हो गई थीं, लेकिन अब बेगूसराय औद्योगिक हब बनने जा रहा है।”
उन्होंने बताया कि बरौनी रिफाइनरी में हजारों करोड़ का निवेश किया गया है और अब यहां पेट्रोकेमिकल्स प्लांट बन रहा है, जिससे छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। पीएम मोदी ने याद दिलाया कि बरौनी का खाद कारखाना भी जंगलराज में बंद हो गया था, लेकिन एनडीए सरकार ने गैस पाइपलाइन बिछाकर इसे फिर से चालू करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। इससे किसानों और युवाओं दोनों को लाभ मिलेगा।
महागठबंधन पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि “महागठबंधन अब ‘लठबंधन’ बन चुका है, जहां एक-दूसरे की खाल खींची जा रही है।” उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि “इसमें झटक दल है, लटक दल है, पटक दल है और भटक दल है।”
राजद पर तीखा हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजद बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है, जो कोर्ट से जमानत पर बाहर है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस राजद की पिछलग्गू बन गई है। लोगों से मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाने को कहते हुए उन्होंने कहा, “जब लाइट है, तो लालटेन की क्या जरूरत?”
पीएम मोदी ने कहा कि राजद के शासन में बिहार जंगलराज में जी रहा था, लोग शाम को घरों से निकलने से डरते थे। लेकिन 2005 के बाद एनडीए सरकार ने बिहार को भय से भरोसे की ओर बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज बिहार विकास, शिक्षा, उद्योग और सुरक्षा—हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और नक्सलवाद पर भी लगाम लगी है।