मनगट्टा रिसॉर्ट में युवती की संदिग्ध मौत से सनसनी, दोस्तों की तलाश में जुटी पुलिस

भिलाई। राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित विसली वुड रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई है। घटना के बाद रिसॉर्ट और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान भिलाई-3 नगर निगम कार्यालय के पास रहने वाली मुस्कान तिवारी (24 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुस्कान अपने कुछ दोस्तों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। समूह में भिलाई की दो युवतियां और तीन युवक शामिल थे, जबकि रायपुर के कुछ युवक भी वहां मौजूद बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि देर रात मुस्कान बाथरूम गई थी, जहां वह बेहोशी की हालत में मिली। सुबह करीब 5 बजे घटना की जानकारी रिसॉर्ट प्रबंधन को मिली। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना का एक अहम पहलू यह भी है कि युवती के साथ रिसॉर्ट में ठहरे अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और उनका बयान दर्ज किए जाने के बाद घटना के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल संदिग्ध मौत के इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *