जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी ने अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
आरोपी की पहचान रवींद्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई है, जो इसी वर्ष टाटा स्टील से सेवानिवृत्त हुए थे। घटना एग्रिको स्थित क्वार्टर नंबर एल 5/13 की बताई जा रही है, जो पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आवास के पास स्थित है।
परिवार के तीन सदस्यों की हत्या
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने रविवार रात अपनी पत्नी सरिता सिंह (55), बेटी सुप्रिया सिंह (31) और बेटे रविशेक कुमार (30) पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी रातभर शवों के साथ घर में ही मौजूद रहा।
खुद पुलिस को दी सूचना
सोमवार सुबह आरोपी ने खुद डायल-100 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी और आत्मसमर्पण की बात कही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मानसिक तनाव की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। सेवानिवृत्ति के बाद आरोपी मानसिक तनाव और चिड़चिड़ेपन से गुजर रहा था, जिसे इस वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है।
पुलिस जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।